चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर जेल से रिहा सपाइयों का हुआ अभिनंदन
देवरिया। समाजवादी पार्टी के बांस देवरिया स्थित जिला कार्यालय पर शुक्रवार को महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही गिरफ्तार समाजवादी कार्यकर्ताओं की रिहाई के बाद उनका अभिनंदन किया गया।
सम्मान समारोह में जेल से करीब 20 दिनों के बाद रिहा हुए मो. इस्माइल अंसारी, अनिल यादव व मदन यादव सभासद मझौलीराज, मकबूल अंसारी, पवन कुमार यादव पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष, शंभू यादव, हृदयाशंकर यादव पूर्व प्रधान को माला पहनाकर व अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाध्यक्ष डॉ. दिलीप यादव ने कहा कि समाजवादियों की गिरफ्तारी प्रदेश की अधिनायक वादी सरकार ने पंचायत चुनाव में अध्यक्ष व ब्लॉक प्रमुख के पद पर कब्जा करने के लिए एवं कार्यकर्ताओं को आतंकित करने के लिए अनियमित तरीके से की थी। 27 जून की रात में 12 बजे इनके घरों से हिरासत में ले लिया गया। 27 मई की रात जिले की पुलिस फोर्स समाजवादी साथियों के घरों पर दबिश दे रही थी। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष को उन्नाव में स्व. मनोहर लाल निषाद के मूर्ति अनावरण के कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जाती जबकि सरकार सभी आयोजन कर रही हैं। विपक्ष की आवाज को दबाने का काम किया जा रहा है। एमएलसी रामसुंदर दास निषाद ने गिरफ्तार साथियों के घरों पर अपनी निधि से सोलर लाइट लगवाने का वादा किया और कहा कि यह सरकार गरीबों, कमजोर, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यकों का मनोबल तोड़ना चाहती है। संचालन जिला महासचिव मुराद अली बेग ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद रमाशंकर विद्यार्थी, पूर्व विधायक सुरेश यादव, मनबोध प्रसाद, पिछड़ा वर्ग प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह कुशवाहा, विजय लक्ष्मी गौतम, हृदयनारायण जायसवाल, चौ. बेचूलाल, दशरथ मौर्य, सुरेंद्र यादव, मालवीय प्रसाद निर्मल, एनपी यादव, उमाशंकर यादव, अशोक यादव, अंबिका यादव, संजय मल्ल, मुनिवर मिश्रा, दिव्यांश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।