रामपुर कारखाना स्थित डुमरी चौराहे पर बृहस्पतिवार को सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और पूर्व एमएलसी व प्रवक्ता सुनील सिंह साजन का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। वे दोनो यहां आयोजित नागा बाबा के श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होने आए थे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से तंग आ चुकी है।
ऐसे में अब लोगों की उम्मीद और भरोसा सिर्फ हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही हैं। पीडीए नीति ने भाजपा की नींद उड़ा दी है। उनका विजन बिलकुल साफ़ है कि प्रदेश के सबसे निचले तबके के आखिरी आदमी का भी विकास होना चाहिए।
आगे कहा कि भाजपा के राज में बच्चे स्कूल छोड़ रहे, युवा बेरोजगार हो रहे हैं, रोजगार मांगने पर योगी की पुलिस उनपर लाठियां बरसाती है, बेतहाशा बढ़ती महंगाई ने महिलाओं का घर चलाना मुश्किल कर दिया है। लोगों को इलाज नहीं मिल पा रहा है, लेकिन मंत्री रोज छापेमारी में लगे रहते हैं, पुलिस निर्दोषों का एनकाउंटर कर रही है और डबल इंजन सरकार लोगों को धर्म के आधार पर बांट कर लड़वाने में लगी है।
प्रवक्ता एवं पूर्व एमएलसी सुनील यादव साजन ने कहा कि सपा सरकार में हुए कार्यों को जनता के बीच में लेकर जाना होगा। सपा प्रवक्ता मनीष सिंह ने कहा कि 14 वर्ष पूर्व पटनवा पुल पर नागा बाबा साधु और मनोज पाल की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड के समय प्रदेश में बसपा की सरकार थी।
तब भी कानून व्यवस्था खस्ताहाल थी और आज भाजपा के डबल इंजन सरकार में भी कानून व्यवस्था खस्ताहाल है। चारों ओर चोरी, लूट हत्या जैसी घटनाएं आम हो चुकीं हैं। भाजपा के इस शासन काल में कई मामलों में पुलिस भी अपराधी की भूमिका निभाती दिख जाती है।
इस अवसर पर सोनू प्रकाश, आफताब खां, अनिरुद्ध यादव, सोनू खरवार, अक्षय सरकार, सूरज कुमार, विक्की यादव, इंद्रजीत यादव, राजेश कुमार, राम प्रवेश खरवार, अनूप प्रसाद, गोपाल गौड़, विकास यादव, शशि, सुनील श्रीवास्तव, अतुल मद्धेशिया, कृष्णा, राजेश जायसवाल, संदीप, राम इकबाल, विकास यादव, अजीत सिंटू, बेचन यादव आदि शामिल रहे।