रात का आदेश दिन में बदला, खामपार एसओ बने रहेंगे वीर बहादुर
गिरिजेश तिवारी को सलेमपुर कोतवाल बनाया गया, लार थाना प्रभारीविहीन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रात में किया गया एसपी का आदेश रविवार को दिन में बदल गया। खामपार से हटाकर लार थाने के एसएसआई बनाए गए वीर बहादुर सिंह और बरहज के गौरा चौकी प्रभारी रामगिरीश चौहान का आदेश वापस कर लिया गया है। ऐसे में वीर बहादुर खामपार के एसओ बने रहेंगे।
एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने शनिवार की रात महकमे में आंशिक बदलाव किया। लार थाने के प्रभारी गिरिजेश तिवारी को 10 दिन से खाली चल रहे सलेमपुर का कोतवाल बनाया गया है। बघौचघाट के एसओ राममोहन सिंह को हटा दिया गया है। उनकी जगह रामपुर कारखाना के हेतिमपुर चौकी प्रभारी संजय सिंह को एसओ बनाया गया है। राममोहन सिंह हेतिमपुर चौकी इंचार्ज बनाए गए हैं। खामपार के एसओ वीर बहादुर सिंह को लार थाने का एसएसआई और बरहज के गौरा चौकी प्रभारी रामगिरीश चौहान को खामपार का एसओ बनाया गया था। हालांकि, रविवार को दिन में एसपी ने यह आदेश बदल दिया। वीर बहादुर सिंह खामपार थाने के एसओ बने रहेंगे तो रामगिरीश चौहान बरहज के गौरा चौकी के प्रभारी का पद संभालेंगे। लार थाना फिलहाल, एसओविहीन है।
लार थाने से चार कांस्टेबल हटे, एक लाइनहाजिर
देवरिया। लार थानाक्षेत्र के एक गांव के रहने वाले सेना जवान की पत्नी से मदद के एवज में दावत मांगने का मामला अभी थमा नहीं है। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने शनिवार की रात चार सिपाहियों का स्थानांतरण दूसरे थानों पर कर दिया तो कार्यालय में तैनात मुंशी को लाइनहाजिर कर दिया। वहीं, हलका इंचार्ज पर कार्रवाई नहीं की गई है।
हियुवा के जिला मंत्री अरुण सिंह के साथ बृहस्पतिवार को एसपी कार्यालय पहुंची सेना जवानी की पत्नी और बेटी ने इस बात की शिकायत की थी कि सिपाही मदद के लिए दावत की मांग करते हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सीओ वरुण मिश्र से जांच कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर शुक्रवार को हेड कांस्टेबल केडी यादव और डॉयल-112 के प्रभुनाथ यादव को निलंबित कर दिया गया था। शनिवार को एसपी ने लार थाने में तैनात सर्वजीत को तरकुलवा, समसुलेन खां, रामकुमार यादव को भलुअनी, अजय कुमार को मईल थाने भेज दिया। वहीं, कार्यालय मुंशी अजीत कुमार यादव को लाइनहाजिर कर दिया है। हालांकि, सेना के जवान की पत्नी के गांव के इलाके के इंचार्ज पर एसपी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।