देवरिया। दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए रविवार को एसपी अभिजित आर शंकर ने पुलिस अधिकारियों के साथ पैदल मार्च की। पुलिस लाइंस गेट से रुद्रपुर मोड़ तक पैदल मार्च के दौरान दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
संवेदनशील स्थानों और आसपास के क्षेत्रों की ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। एसपी ने पुलिसकर्मियों को पंडालों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि एसपी के साथ एएसपी उत्तरी आनंद कुमार पांडेय, सीओ रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी और पुलिस फोर्स मौजूद रही।
अधिकारियों ने दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को नियमित गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और कोई सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने आमजन और श्रद्धालुओं से बातचीत कर त्योहार शांतिपूर्ण एवं आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।