देवरिया। गौरीबाजार चीनी मिल के पीड़ित 750 मजदूरों और 3500 किसानों के करोड़ों रुपये के बकाए को लेकर समाजवादी मजदूर सभा ने सोमवार को शहर में प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बकाया के भुगतान की मांग किया।
जिलाध्यक्ष ऋषिकेश यादव व पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का समूह सुभाष चौक पर एकत्रित हुआ। यहां प्रदर्शन करने के बाद सिविल लाइन होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचा।
यहां डीएम को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहाकि उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद उद्योगपतियों के दबाव में तहसील प्रशासन व उपजिलाधिकारी ने मजदूरों का वसूली प्रमाण-पत्र दो बार वापस कर दिया।
मिल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया कि बिना लीगल बैंडअप प्रक्रिया के फैक्ट्री का ताला तोड़कर सारा मशीनरी प्लांट उखाड़ दिया गया और मजदूरों के आवास नष्ट कर दिए गए। ज्ञापन में 750 मजदूरों का 14.73 करोड़ और 3500 किसानों का 1.62 करोड़ का गन्ना मूल्य के बकाये का अविलंब भुगतान करने की मांग की गई।