संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के हरैया गांव निवासी सपा नेता शिवनाथ राजभर के घर में घुसकर उनके बेटे के सिर पर चाकू से हमला करने के आरोपियों समेत पीड़ित पक्ष को पुलिस ने शनिवार को शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया।
थाना क्षेत्र के हरैया गांव के रहने वाले सपा नेता शिवनाथ राजभर पुत्र स्व.भनई राजभर ने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि वह शुक्रवार की रात आठ बजे घर में अपने बेटे संजय राजभर के साथ बैठकर भोजन कर रहे थे। आरोप है कि उसी वक्त उनके पड़ोस के कुछ लोग गोलबंद होकर चाकू, लाठी व डंडे से लैस होकर उनके घर में घुस गए। आरोपियों ने उनके बेटे के सिर पर चाकू से हमला कर दिया। इससे उसका सिर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। कहा है कि आरोपी उनके साथ पत्नी यशोदा देवी, पतोहू मुन्नी देवी को गालियां देते हुए मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिए। एक आरोपी ने उनकी जेब से पांच सौ रुपये छीन लिए। प्रार्थी ने घटना की सूचना डॉयल 112 नंबर की पुलिस को दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की।
शिवनाथ ने बताया कि आरोपियों के डर से वह सपरिवार बगल के गांव कनकपुरा जाकर रात में रहे। पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने सीएचसी में इलाज के बाद थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। किन्तु पुलिस ने कार्रवाई के बजाय आरोपियों समेत उनको और उनके बेटे को शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया।
सीओ संजय रेड्डी ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।