मां, भाई की गैरमौजूदगी में पड़ोसियों ने घर में घुसकर छात्रा की कर दी पिटाई और देने लगे अश्लील गालियां, इसके बाद छात्रा ने उठाया कदम
फोटो समाचार..
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को दरवाजे पर अरहर का बोझ रखने को लेकर एमए की छात्रा को मां, भाई की गैरमौजूदगी में पड़ोसियों ने घर में घुसकर पिटाई कर दी। इसके बाद गालियां देने लगे। आरोप है कि छात्रा ने गालियों से तंग आकर अपने बाएं हाथ की नस काट ली। भाई घर में आया तो देखा छात्रा जमीन पर लेटी हुई थी। उसे उठाने की कोशिश की मगर वह बेहोश हो गई थी। फिर नजदीक के चौराहे पर इलाज कराया। उधर, मौके पर पहुंची 112 पुलिस के लौटने के बाद हमलावरों ने मां पर भी हमला बोल दिया। छात्रा की मां ने थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव में बीते दो दिनों से दरवाजे पर अरहर का बोझ रखने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो रहा था। पीड़ित महिला का आरोप है कि अरहर की फसल की कटाई होने के बाद दरवाजे पर बोझ लाकर रखा गया है। इसी को लेकर दो दिनों से पड़ोसी गाली-गलौज दे रहे थे। शनिवार सुबह भी पड़ोसी उलझने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन मैं अपने बेटे को लेकर गांव के चौराहे की तरफ गेहूं की फसल कटवाने चली गई। इसी बीच पड़ोसी घर में अकेली बेटी को पाकर उसपर हमला कर दिए। मारपीट के बाद आरोपी बेटी को गालियां देने लगे। जब उसे गालियां बर्दाश्त नहीं हुई तो उसने अपने बाएं हाथ की नस ब्लेड से काट ली। कुछ देर बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। बेटा पहुंचा तो देखा वह गिरी पड़ी है और खून बह रहा था।
महिला ने बताया कि बेटी मईल थाना क्षेत्र के एक काॅलेज में एमए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा है। आरोप है कि जब मौके पर पुलिस पहुंची थी तब भी आरोपी गाली-गलौज कर रहे थे। पुलिस के लौटने के बाद हमको भी मारा-पीटा गया।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मौके पर हलका एसआई को जांच के लिए भेजा गया है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि तहरीर पड़ी है तो केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।