- खुखुंदू थाना क्षेत्र के महुई संग्राम गांव में जमीनी विवाद को लेकर वारदात को दिया गया अंजाम
फोटो समाचार...
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के महुई संग्राम गांव में रविवार को जमीनी विवाद में कुछ लोगों ने परमहंस मिश्रा की पिटाई शुरू कर दी। हमलावरों की पिटाई से चोटिल होकर जब वह शोर मचाने लगे तो उनका बेटा बीच-बचाव करने पहुंचा। जिसपर हमलावरों ने उनके बेटे का एक कान दांत से चबाकर उसे लहूलुहान कर दिया। इसके बाद युवक जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। आस-पास के लोगों के सहयोग से उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग निकले।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के महुई संग्राम गांव निवासी परमहंस मिश्रा का गांव में कुछ लोगों से जमीनी विवाद है। आरोप है कि उसी के चलते रविवार दिन में करीब 11 बजे पड़ोसी गाली देने लगे और विरोध करने पर परमहंस मिश्रा की पिटाई शुरू कर दी। उनके शोर करने पर बेटा विवेक मिश्रा उन्हें बचाने गया। इसी बीच हमलावरों में से एक ने उसे पकड़ लिया और दूसरे ने दांत से उसका कान चबाते हुए करीब आधा कान काट लिया। वारदात के दौरान विवेक चीखते-चिल्लाते हुए जमीन पर गिरकर तड़पने लगा। हालांकि उसे बचाने की किसी ने जहमत नहीं उठाई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर भाग निकले। विवेक का मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज चल रहा है। एसओ दिग्विजय सिंह ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर मारपीट हुई है। पुलिस मौके पर गई थी। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।