देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मेहड़ा पुरवा निवासी महिला ने 18 वर्षीय बेटे पर करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन और 50 हजार रुपये नकद चुराने का आरोप लगाया है।
महिला का आरोप है कि बेटा गलत संगत में पड़कर उसे परेशान करता है। रुपये न देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देता है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मेहड़ा पुरवा निवासी उर्मिला देवी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने बेटे विशाल गिरी के साथ मेहनत-मजदूरी कर जीवनयापन कर रही थींं। आरोप है कि विशाल गलत लोगों की संगत में पड़ गया और 26 जून को घर से सोनी कंपनी के दो मोबाइल व 50 हजार रुपये चुरा लिए। इसके बाद वह घर से दूर रहने लगा।
महिला का आरोप है कि विशाल एक विवाहित महिला के साथ रह रहा है और उसके बहकावे में आकर मां से रुपये मांगता है। रुपये देने से मना करने पर महिला और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता है।
पुलिस ने 19 सितंबर को विशाल गिरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर लिया है। मामले की जांच दरोगा कुंदन कुमार पटेल को सौंपी गई है। विवेचक ने कहा कि जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।