संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। मानदेय वृद्धि, बकाया भुगतान और सेवा सुरक्षा सहित विभिन्न मांगों को लेकर सोशल ऑडिट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों ने मंगलवार को विकास भवन पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि 20 दिन के भीतर मांगें पूरी नहीं हुईं तो लखनऊ में प्रदर्शन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कलम बंद हड़ताल भी की जाएगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीत धर द्विवेदी और महासचिव सरस चंद्र गुप्त ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं मगर सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने डीएसएसी, बीएसएसी, बीआरपी और वीआरपी के लंबित मानदेय व व्यावसायिक शुल्क का तत्काल भुगतान करने की मांग की।
कर्मचारियों ने आठ लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा, स्पष्ट मानव संसाधन नीति, सेवा सुरक्षा, पदोन्नति, स्थानांतरण और अवकाश की व्यवस्था लागू करने की मांग की। बीआरपी का भुगतान प्रति ऑडिट के बजाय मासिक आधार पर निदेशालय से कराने और रिक्त बीएसएसी पदों पर चयन प्रक्रिया शुरू करने की भी मांग की गई।
इसके अलावा ड्यूटी के दौरान दुर्घटना या मृत्यु होने पर परिजनों को चिकित्सा सुविधा और अनुकंपा नियुक्ति देने, यात्रा भत्ता बढ़ाने तथा फील्ड कार्य के लिए लैपटॉप, इंटरनेट और मिनी लाउडस्पीकर उपलब्ध कराने की मांग की गई। ब्लॉक स्तर के कार्मिकों की नियुक्ति वर्ष 2022 की व्यवस्था के अनुसार गृह विकासखंड में करने की भी मांग उठाई गई।
प्रदर्शन में प्रेम कुमार सिंह, शेषमणि उपाध्याय, कमलेश कुमार, कृष्णकुमार उपाध्याय, धीरेंद्र प्रताप सिंह और कृष्ण चंद्र राय सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।