बिहार के सिवान और गोपालगंज में 10 हजार लीटर से अधिक डीजल-पेट्रोल भेजा जा रहा
सीमावर्ती पेट्रोल पंपों पर सुबह लगती है भीड़, तस्करों को रोकने में पुलिस नाकाम
देवरिया। शराब, गांजे की तरह बार्डर के रास्ते अब डीजल और पेट्रोल की तस्करी हो रही है। पड़ोसी राज्य बिहार में पेट्रोल और डीजल की कीमत अधिक होने से पुलिस और पंप मालिकों की मिलीभगत से यह धंधा चल रहा है। एक अनुमान के मुताबिक जिले से बिहार के सिवान और गोपालगंज जिले में 10 हजार लीटर से अधिक डीजल-पेट्रोल भेजा जा रहा है।
जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों से बाइक और चारपहिया वाहनों से बड़े-बड़े गैलनों से पेट्रोल और डीजल लेकर तस्कर बिहार जा रहे हैं। ऑयल कंपनी के अफसरों का कहना है कि बोनल या गैलन में पेट्रोल-डीजल नहीं दिया जा सकता। बावजूद इसके मेहरौना, सुतावर, चनुकी घाट, रामपुर, प्रतापपुर, बरियारपुर, घाटी बाजार, भिंगारी बाजार के आस-पास के पेट्रोल पंपों पर नियमों की अनदेखी की जा रही है।
बाइक से करते हैं ईंधन की तस्करी
बताया जाता है कि जिले के पंपों से प्रति दिन दस हजार लीटर से अधिक डीजल और पेट्रोल बिहार ले जाया जाता है। इसके लिए तस्कर बाइक पर लोहे के एंगल से ऐसा बेस तैयार करते हैं जिस पर बड़े-बड़े गैलन आसानी से रखे जा सकें। एक बाइक पर 200 से 300 लीटर तक ईंधन की तस्करी की जा रही है। बार्डर पर मौजूद पेट्रोल पंपों के कैमरे के सीसीटीवी फुटेज की अगर जांच करा दी जाए तो पूरे काले धंधे की पोल खुल जाएगी। बताते हैं कि कई जनप्रतिनिधियों के पेट्रोल पंप होने की वजह से पुलिस कभी कार्रवाई करने से बचती है।
हर जगह है सांठगांठ
बिहार में पेट्रोल 109.12 और डीजल 95.79 रुपये लीटर है, जबकि देवरिया में 96.12 रुपये लीटर पेट्रोल तथा 95.79 रुपये लीटर डीजल बिक रहा है। यही वजह है कि इसकी तस्करी जोरों पर है। चनुकी पुल के पास एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल-डीजल लेकर निकले तस्कर ने बताया कि बिहार में जिस रेट पर तेल मिलता है। उससे एक रुपये कम पर ही फुटकर में बेच देते हैं। 24 घंटे में तीन से चार सौ लीटर डीजल और पेट्रोल बेच दी जाती है। बार्डर पर भी कोई रोकता नहीं है। पुलिस कभी रोकती भी है तो जहां से तेल लाते हैं उस पंप के मैनेजर को फोन करने पर छोड़ दिया जाता है।
प्लास्टिक के बोतल में पेट्रोल देने पर रोक है। एल्मुनियम के पात्र में दिया जा सकता है। ऑयल कंपनियों का जो निर्देश है उसका पालन पेट्रोल पंप मालिक करते हैं। कहीं से कोई गड़बड़ी हो रही है तो उस पंप मालिक को संगठन की ओर से चेतावनी दी जाएगी।
- श्रीकांत मणि त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष, जिला पेट्रोलियम डीलर एसोसिएशन
-पेट्रोल पंपों पर बोतल या गैलन में पेट्रोल देना नियम के खिलाफ है। अगर बार्डर क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर ऐसा हो रहा है तो गलत है। डीजल पर डंप करने के लिए एक ही लोगों को नहीं दिया जाना चाहिए। अगर ऐसा हो रहा तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-अभिनव, सेल्स मैनेजर इंडियन ऑयल
एसपी का वर्जन
बार्डर के पेट्रोल पंपों से होने वाली तस्करी की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा मामला है तो इस पर रोक लगाया जाएगा। ऑयल कंपनियों को भी इस पर सख्ती बरतनी चाहिए। पेट्रोल या डीजल डंप कराने का किसी को भी अधिकार नहीं है। बार्डर क्षेत्र से जुड़े थानों के पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया जाएगा। संकल्प शर्मा एसपी देवरिया