विद्यालयों में भेजे जा रहे उपकरण, ऑडियो-विजुअल माध्यम से होगी पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के 195 परिषदीय विद्यालयों को स्मार्ट क्लास से सुसज्जित किया जाएगा। इसके लिए यहां पर उपकरण भी भेज दिए गए हैं। स्मार्ट क्लास के संचालन के लिए मास्टर ट्रेनर ऑन को गोरखपुर डायट पर प्रशिक्षित किया जाएगा। स्मार्ट क्लास शुरू होने से इसका फायदा विद्यार्थियों को मिलेगा।
जिले में 2120 परिषदीय विद्यालय हैं। वर्तमान में यहां 2.40 लाख विद्यार्थी नामांकित हैं। शासन की ओर से ही यू-डायस के जरिए चयनित 195 परिषदीय विद्यालयों को स्मार्ट क्लास एवं आईसीटी लैब से युक्त करने की तैयारी है। इसके लिए समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत स्कूलों में स्मार्ट क्लासेज के लिए सहित संबंधित उपकरणों अन्य सामान विद्यालयों में भेजे जा रहे हैं। इसके जरिए प्रभावी कक्षा शिक्षण कराए जाने की तैयारी हो रही है। उपकरणों के प्रयोग, रख-रखाव, सुरक्षा, कक्षा शिक्षण के लिए विस्तृत जानकारी के लिए मास्टर ट्रेनर्स व खंड शिक्षा अधिकारियों का प्रशिक्षण भी होना है।
यह प्रशिक्षण एवं कार्यशाला मंडल मुख्यालय पर स्थित डायट पर आयोजित किया जाएगा। संभवत: जिले के शिक्षकों व बीईओ का प्रशिक्षण अगले माह प्रस्तावित है।
ऑडियो-वीडियो विजुअल के जरिए छात्र अधिक तेजी से सीखेंगे
स्मार्ट क्लास के संचालन के लिए मास्टर ट्रेनर को गोरखपुर डायट में प्रशिक्षित किया जाएगा। बैतालपुर क्षेत्र के माॅडल विद्यालय रुच्चापार के प्रधानाध्यापक नित्यानंद चौबे, सदर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बैरौना की प्रधानाध्यापक शीला चतुर्वेदी ने बुधवार को बताया कि स्मार्ट क्लास शुरू होने से इसका फायदा विद्यार्थियों को मिलेगा। ऑडियो व वीडियो विजुअल के जरिए छात्र अधिक तेजी से सीखते हैं। ऐसे में उनकी प्रगति में यह सहायक सिद्ध होगा।
काेट
जिले के 195 परिषदीय विद्यालयों को स्मार्ट क्लासेज शुरू की जानी हैं। यू-डायस के जरिए जहां नामांकन अधिक थे, अक्तूबर माह में ही इन विद्यालयों का चयन कर लिया गया था। चयनित विद्यालयों में उपकरण सहित अन्य सामान भेजे जा रहे हैं। मकसद यह है कि स्मार्ट क्लास आरईसीटी लैब के माध्यम से प्रभावी कक्षा शिक्षण कार्य हो और छात्रों को इसका लाभ मिले।
-शालिनी श्रीवास्तव, बीएसए