नगर के टेढ़ा स्थान वार्ड में शौचालय निर्माण के विरोध के दौरान जुटे लोग
भारत सरकार के स्वच्छता कार्यक्रम के प्रचार प्रसार का मलीन बस्ती की महिलाओं पर कोई असर नहीं है। बुधवार को नगर के टेढ़ा स्थान वार्ड की महिलाओं ने नगर पंचायत की ओर से बनाए जा रहे शौचालय का निर्माण कार्य रोक दिया। टेढ़ा स्थान वार्ड के मलीन बस्ती के लोग वर्षों से नगर पंचायत की जमीन पर खुले में शौच करते चले आ रहे है। वहां शौचालय का निर्माण कराने पर वार्ड की महिलाएं हंगामा करने लगीं।
उन्होंने नगर पंचायत पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया।मामले की जानकारी होने पर नगर पंचायत अध्यक्ष छट्ठे लाल निगम मौके पर जाकर महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हुईं। आखिरकार नगर पंचायत को शौचालय का निर्माण कार्य रोकना पड़ा।
वार्ड के सभासद उपेंद्र मास्टर ने बताया कि नगर पंचायत की खाली जमीन पर खुले में शौच करने से पूरे मुहल्ले में गंदगी फैल रही थी। उनके प्रस्ताव पर नगर पंचायत प्रशासन ने वार्ड में शुलभ शौचालय निर्माण को निविदा आमंत्रित की। शौचालय का निर्माण शुरू होते ही वार्ड की महिलाओं को कुछ लोगों ने भड़का दिया। यह अफवाह फैला दी गई कि नगर पंचायत जमीन को कब्जा कर रहा है।
वार्ड की महिलाओं ने बुधवार सुबह निर्माण स्थल पर पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने शौचालय का निर्माण रोक दिया। सभासद और चेयरमैन के समझाने पर भी महिलाएं नहीं मानीं। महिलाओं की जिद पर अड़ जाने से निर्माण कार्य रोकना पड़ा। इस बाबत नगर पंचायत अध्यक्ष छट्ठे लाल निमम ने कहा महिलाओं को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। वह बहकावे में आ गई हैं। जमीन के बाउड्रीवाल का काम चल रहा है। शौचालय के निर्माण को महिलाएं राजी हो जाएगीं।