खुखुंदू। कस्बे में बना आधा-अधूरा खुला पड़ा नाला से हादसे का खतरा बना रहता है। पूरे नाले का निर्माण कराए बगैर ही ठेकेदार काम बंद कर चल गए। जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी नाले में भरा है।
खुखुंदू-नूनखार से भटनी तक की 13.2 किमी सड़क का चौड़ीकरण 24.93 करोड़ रुपये में होना था। इसमें कस्बे में दोनों तरफ नाला निर्माण का कार्य कराया जाना था, मगर, नाला निर्माण का कार्य पूरा कराए बगैर ही करीब तीन माह से कामकाज ठप हो गया है।
इधर, कस्बे में जो नाला निर्माण कराया गया, उस पर भी स्लैब लगाए बगैर ही छोड़ दिया गया। इसके बाद व्यापारियों ने खुद अपने दुकानों के आगे स्लैब बनवाकर लगाया। कुछ जगहों पर लोगों ने मिट्टी डालकर पाट दिया। इसके बाद भी अधिकतर जगहों पर नाला खुला पड़ा है।
नाला निर्माण के दौरान जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। दोनों तरफ सिर्फ कस्बे तक ही आधा-अधूरा नाला निर्माण कराकर छोड़ दिया गया है। क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया का कहना है किनाले के निर्माण के लिए बजट की स्वीकृति कराई जा रही है।