देवरिया। रुद्रपुर के डहरौली में पेट्रोल पंप लूटकांड का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में पुलिस ने छह बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
इनके पास पुलिस ने अवैध असलहे, कारतूस, लूट की नकदी और घटना में प्रयुक्त दो बाइक बरामद की हैं। सभी बदमाश महंगे शौक पूरा करने के लिए लूट की घटना का अंजाम देते थे।
इसमें एक बाइक चोरी की है। पकड़े गए सभी आरोपी गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज क्षेत्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में यह युवक एकौना थानाक्षेत्र में हुई छिनैती की घटना में भी संलिप्त पाए गए हैं। सभी आरोपियों पर पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय ने पुलिस लाइन में बताया कि पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश लगी हुई थीं। शनिवार शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रुद्रपुर-डाला मार्ग पर लखनाघाट मोड़ के पास घेराबंदी कर छह युवकों को दबोच लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान गोलू यादव, राजन गुप्ता, राहुल साहनी, शिवम सिंह, रोशन यादव उर्फ छोटू और नितेश यादव के रूप में हुई है। इनकी उम्र 19 से 22 वर्ष के बीच है। ये सभी गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान युवकों के पास से एक पिस्टल (32 बोर), चार तमंचे (315 बोर) और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। इनके पास डकैती और लूट के कुल 4,900 रुपये भी मिले।
साथ ही दो बाइक भी बरामद हुई। इनमें से एक पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी। पूछताछ में आरोपियों ने 28 फरवरी 2026 को डहरौली बुजुर्ग स्थित ओंकार साहनी के पेट्रोल पंप पर हुई लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
इस वारदात में पेट्रोल पंप के सेल्समैन सचिन साहनी से बदमाशों ने तमंचा दिखाकर 8,400 रुपये नकद लूट लिए गए थे। भागते समय बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की थी। पुलिस इस मामले में बदमाशों की तलाश कर रही थी।
मोबाइल व बाइक लूट में भी शामिल थे बदमाश : गिरफ्तार युवकों ने पूछताछ में बताया कि तीन दिसंबर 2025 को उन्होंने एकौना थानाक्षेत्र के करहकोल के पास तिघरा खैरवा बंधे पर एक व्यक्ति से मोबाइल और बाइक भी छीनी थी।
इस संबंध में थाना एकौना में एफआईआर दर्ज है। सफल अनावरण करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर, उप निरीक्षक श्रीनिवास यादव, कृष्णकांत, अंकित यादव, विरेन्द्र कुमार सहित मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल रहे।
पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस की सुसंगत धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।