‘साहब मैं जिंदा हूं, कागजों में मुझे मार डाला गया’
भाटपाररानी (देवरिया)। स्थानीय तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रभारी डीएम, एसपी सहित अन्य अधिकारी उस वक्त हैरान रह गए, जब उनके सामने पहुंचे फरियादी ने कहा कि अभी मैं जिंदा हूं। अधिकारियों ने पूछा कि क्या हुआ। फरियादी का जवाब था कि उसे किसान सम्मान निधि की रकम मिलती थी, पर सरकारी महकमे के कर्मचारियों ने कागजों में उसको मृत घोषित कर दिया है, जिससे अब उसे लाभ नहीं मिलता है। प्रभारी डीएम ने मामले में जांच कर कार्रवाई करने के लिए कहा।
चुनाव आचार संहिता समाप्त होने के बाद शनिवार को तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। प्रभारी जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. श्रीपति मिश्र फरियादियों की समस्याओं को सुन रहे थे। उसी दौरान ग्राम छोटका गांव के भरवा टोली निवासी विजय कुमार अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनको कागजों में मार दिया गया है। उनको मृत घोषित कर देने की वजह से उन्हें अब किसान सम्मान निधि की रकम नहीं मिल पा रही।
इस फरियादी ने बताया कि वह कई बार तहसील मुख्यालय का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई राहत नहीं मिली। प्रभारी डीएम ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं नगर पंचायत भाटपार रानी वार्ड नंबर पांच से पहुंचे रामानंद कुशवाहा ने बताया कि उसके घर के सामने कुछ लोग इंटरलॉकिंग सड़क उजाड़ दी है और नाली तोड़ दी है। उससे गंदा पानी दरवाजे पर लगा है। बार-बार चक्कर काटने पर कोई समाधान नहीं हुआ। ग्राम जेतपुरा के राजदेव यादव ने बताया कि उनके पट्टे की भूमि में जबरन शौचालय बनवाया जा रहा है। उन्होंने कई बार शिकायत की, पर कोई देखने तक नहीं गया।