देवरिया/सलेमपुर। सांसद एवं महंत आदित्यनाथ को आतंकवादी बताने पर माहौल गरमा गया है। सलेमपुर में कोतवाली गेट पर पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अयूब का पोस्टर जलाने को लेकर हियुवा नेताओं से पुलिस की झड़प हुई। पुलिस के रोकने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने पोस्टर और होर्डिंग जलाया।
कार्यकर्ताओं ने इसके बाद कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। देवरिया में हियुवा ने डॉ. अयूब का पुतला जलाया और जिले की सीमा में घुसने नहीं देने का एलान किया।
गोरखपुर में सोमवार को पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अयूब ने महंत आदित्यनाथ को आतंकवादी बताया था। इस बयान से माहौल गरमा गया। देवरिया में हियुवा कार्यकर्ता मालवीय रोड पर प्रदर्शन करते हुए सुभाष चौक पर पहुंचे।
जिला संयोजक नीरज शाही और जिलाध्यक्ष मुन्ना राय के नेतृत्व में पुतला जलाया गया। नीरज शाही ने कहा कि डॉ. अयूब का बयान निंदनीय है। ऐसे बयान को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्हें देवरिया जिले की सीमा में घुसने नहीं दिया जाएगा। इस मौके पर अमित मोदनवाल, सुभाष तिवारी, सुरेंद्र चौरसिया, विजय पंडित, शैलेंद्र सिंह, राजू वर्मा, भगवान यादव आदि मौजूद रहे।
सलेमपुर में हियुवा के तहसील अध्यक्ष विनोद ठठेरा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कोतवाली गेट के सामने पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पोस्टर-होर्डिंग जलाने की कोशिश की तो पुलिस ने रोक दिया।
इसको लेकर पुलिस से धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई। हियुवा नेता पोस्टर-होर्डिंग फूंकने में सफल रहे। प्रदर्शन करने वालों में राणा सिंह सैंथवार, अशोक सिंह, मुन्ना यादव, सिद्धार्थ वर्मा, शुभम वर्मा, आशीष पांडेय, शैलेश पांडेय, अमित और राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।