देवरिया। सराफा बाजार में चांदी के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। एक सप्ताह के भीतर चांदी की कीमत में करीब सात से आठ हजार रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई। इसके बाद एक ही दिन में भाव करीब दो हजार रुपये प्रति किलो बढ़ गया। कीमतों में लगातार हो रहे बदलाव से सराफा बाजार में अस्थिरता बनी हुई है। कारोबारी भी बाजार के रुख पर नजर बनाए हुए हैं। सराफा कारोबारियों के अनुसार, पिछले शुक्रवार को चांदी का भाव करीब 2,39,500 से 2,40,500 रुपये प्रति किलो था। इसके बाद कीमत में गिरावट शुरू हो गई। 15 सितंबर को चांदी का भाव घटकर 2,31,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। इस तरह एक सप्ताह के भीतर चांदी की कीमत में करीब सात से आठ हजार रुपये प्रति किलो की कमी आई। हालांकि, गिरावट का सिलसिला अधिक समय तक नहीं चला। 16 सितंबर को चांदी के भाव में फिर करीब दो हजार रुपये प्रति किलो की तेजी आई और कीमत बढ़कर 2,33,500 रुपये प्रति किलो हो गई। अचानक आई तेजी के बाद बाजार में चांदी की कीमतों को लेकर फिर अस्थिरता की स्थिति बन गई है। सराफा कारोबारी आदित्यराज वर्मा ने बताया कि एक सप्ताह में चांदी के भाव में करीब आठ हजार रुपये प्रति किलो का अंतर आया है।