अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। खुद को अलग दिखाने की चाह में युवा ऊटपटांग हरकतें कर रहे हैं। ऐसा ही एक शौक है बाइक से पटाखा और अन्य झन्नाटेदार आवाज निकालना।
इसके लिए रेसर बाइकों के साइलेंसर को मॉडीफाई करा रहे हैं। हालांकि, इस हरकत के चलते कई बार लोग हादसे के भी शिकार हो रहे हैं, मगर युवाओं का यह शौक कम नहीं हो रहा है। 18 से 22 साल के कुछ युवा अपनी बाइक को अलग स्टाइल में बनवा रहे हैं।
इसके लिए लोकल मिस्त्री साइलेंसर की बांसुरी को बदल देते हैं। किसी में ब्रेक दबाने से पटाखा जैसी तेज आवाज निकलती है तो किसी में हॉर्न दबाने से अचानक आवाज बदल जाती है। इस बदलाव से बगल में चल रहे बाइक व कार सवार चौंक जाते हैं। युवाओं को इससे मजा तो आता है, मगर कई बार यह शौक उनके लिए भी जानलेवा हो जाता है।