भाटपाररानी। शांभवी पीठाधीश्वर व शंकराचार्य परिषद के अध्यक्ष स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने भठवा तिवारी में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि श्रीरामचरितमानस हिंदुओं का पवित्र ग्रंथ है। इस पर किसी भी प्रकार की टीका-टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी धर्म या धर्मग्रंथ पर टिप्पणी से पहले व्यक्ति को सोचना चाहिए।
ये बातें स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने उपनगर के फुलवरिया रोड स्थित रविवार शाम आयोजित एक कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष्य में श्री हनुमत दिग्विजय रथ यात्रा 11 मार्च से भृगु आश्रम बलिया से निकली है, जो सलेमपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से होते हुए 23 मार्च को भागलपुर पहुंचेगी। उसी दिन भागलपुर में मुक्ति लोक का शिलान्यास होगा।
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को आपस में बांटने के लिए जातिवाद से कुंठित नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। इससे हिंदू समाज को सचेत रहने की जरूरत है। कार्यक्रम में सुशील ताई, नागेश मिश्र, महेश गुप्ता, शीतल आनंद पांडेय, संतोष मिश्र, दीपक मिश्र, गणेश गुप्ता ,जय कृष्ण तिवारी, अचल तिवारी, टाईगर सिंह, राम मनोहर तिवारी और टून्नू वर्मा आदि मौजूद थे।