सीडीओ ने की 50 लाख से अधिक की लागत की परियोजनाओं की समीक्षाफोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जनपद में निर्माणाधीन 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा बृहस्पतिवार को विकास भवन के गांधी सभागार में की गई। इसमें अधिशासी अभियंता, जल निगम (नगरीय) बिना सूचना के बैठक में अनुपस्थित थे। जिसके चलते जल निकासी के लिए महत्वपूर्ण परियोजना की समीक्षा नहीं की जा सकी। वहीं अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से अनुरक्षण कार्य में फर्जी रिपोर्ट देने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
परियोजना प्रबंधक, यूपीपीसीएल को बेसिक शिक्षा से संबंधित समस्त कार्य 30 जून तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। परियोजना प्रबंधक यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन गोरखपुर को पथरदेवा के राजकीय डिग्री कॉलेज में पांच लेक्चर हाल व एक कॉमन हाल का निर्माण कार्य, 100 बेडेड हाॅस्टल एवं बैडमिंटन कोर्ट के कार्य की प्रगति धीमी पाए जाने पर मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
प्रधानाचार्य महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय बैठक में अनुपस्थित थे और न ही इनके किसी प्रतिनिधि ने बैठक में प्रतिभाग किया। जिसके फलस्वरूप परियोजना की समीक्षा नहीं हो सकी। पशु चिकित्सालय देवरिया में मार्डन वेटेनरी क्लीनिक के निर्माण में परियोजना प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड गोरखपुर (पैकफेड) को खराब ईंट के प्रयोग के संबंध में क्या कार्रवाई हुई है, जिलाधिकारी के स्तर से अनुस्मारक पत्र भिजवाने के निर्देश दिए गए। अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से कस्तूरबा राजकीय बालिका इंटर कालेज के अनुरक्षण कार्य में फर्जी रिपोर्ट दिया गया है। स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित अवधि के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं।