देवरिया जिले के रुद्रपुर में बृहस्पतिवार की रात में दुकानदार को गोली मारने की घटना को लेकर नाराज नगर के व्यापारियों ने शुक्रवार की सुबह कोतवाली का घेराव किया। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की।
घायल दुकानदार का उपचार केजीएमसी लखनऊ में चल रहा है। परिजनों के अनुसार उसकी हालत गंभीर है। गोली युवक के सीने में फंसी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बृहस्पतिवार की रात नगर के आदर्श चौराहे पर दुकानदार शुभम गुप्ता को एक बाइक सवार युवक ने गोली मार दी। शुभम नगर के मस्जिद वार्ड में अपने नाना राजाराम गुप्ता के घर रहकर सौंदर्य प्रसाधन की दुकान चलाता है। उसका बगल के एक दुकानदार से लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने घायल दुकानदार के नाना राजाराम की तहरीर पर नगर के कृष्णा पांडेय पर मुकदमा दर्ज किया है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष श्यामजी जायसवाल, भाजपा नेता छठ्ठेलाल निगम, दिलीप जायसवाल, ओमप्रकाश वर्मा, सुनील गुप्ता आदि ने कोतवाली का घेराव किया। उन्होंने कहा कि सरेराह चौराहे पर दुकानदार को गोली मारने की घटना से नगर के व्यवसायियों में नाराजगी है। ऐसे में पुलिस आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करे। पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की तो अपराधियों के हौसले बढ़ते जाएंगे। यदि पुलिस ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया तो नगर के व्यापारी दुकान बंद कर आंदोलन करेंगे।
इस बाबत प्रभारी निरीक्षक उमेश वाजपेयी ने कहा कि युवक के मोबाइल फोन से उसकी लोकेशन का पता लगाया जा रहा है। उसका सीडीआर (काल डिटेल रिकॉर्ड) निकाला गया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।