देवरिया। रसोई गैस कि किल्लत के पीछे ईरान-इस्राइल युद्ध से अधिक स्थानीय कारण जिम्मेदार हैं। होली में जमकर हुई खपत के बाद घरों में सिलिंडर खाली हो गए हैं। अब अगले सप्ताह चैत्र नवरात्र शुरू हो रहा है। रमजान में भी गैस सिलिंडर की खपत है। अगले सप्ताह ईद भी है।
इसी बीच लगन भी शुरू हो गई है। जिनके घरों में शादी है, वे पांच से छह सिलेंडर की डिमांड लिए घूम रहे हैं। इसी वजह से मांग अचानक तीन गुना बढ़ गई है। जिले में पिछले कई दिनों से रसोई गैस सिलेंडर के लिए गैस एजेंसियों के लोग चक्कर लगा रहे हैं।
रविवार की भोर में कई एजेंसियों पर लाइन लगी थी। सोमवार को साप्ताहिक बंदी के चलते गैस एजेंसियाें के गोदाम बंद थे। अब मंगलवार की भोर में लाइन लगेगी। इससे पहले सोमवार की शाम को आपूर्ति विभाग और गैस सिलिंडर की आपूर्ति करने वाली कंपनियों के अफसरों के बीच बैठक हुई।
जिले में 77 एजेंसियों, 16000 सिलेंडरों की हर दिन है खपत : इस बैठक में बताया गया कि जिले में रसोई गैस वितरण के लिए कुल 77 एजेंसियां सक्रिय हैं। सामान्य स्थिति में प्रतिदिन इन एजेंसियों से 16 हजार सिलिंडर की खपत होती है। होली के आसपास डिमांड 30 हजार सिलिंडर प्रतिदिन तक पहुंच गई थी। अब लगन भी शुरू हो गया है। ऐसे में अभी कुछ दिन तक दबाव बना रहेगा। हालांकि अफसरों ने दावा किया कि जिले में आपूर्ति नियमित है और अगले दो से तीन दिन में स्थिति सामान्य हो जाएगी।
जिनके घर शादी, उनकी बढ़ी है परेशानी : जिन परिवारों में शादी समारोह हैं, उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 11 मार्च को लगन तेज है और कई घरों में अभी तक सिलिंडर का इंतजाम नहीं हो पाया है। ऐसे में उनके घर की मिठाई से लेकर खाने तक की तैयारी तनाव दे रही है। इसीलिए लोग सुबह से लेकर शाम तक गैस सिलेंडरों के जुगाड़ में लगे हैं। सिलिंडर के दाम बढ़ने से बढ़ेगा खर्च : भागलपुर प्रतिनिधि के अनुसार रसोई गैस सिलिंडर के दामों में बढ़ोतरी से घर ही नहीं होटलों व ठेलों पर भी खाना महंगा हो जाएगा। महिलाओं का कहना है कि इस महंगाई की मार भी सबसे ज्यादा रसोई पर ही पड़ेगी।
त्योहार के दौरान गैस सिलेंडर महंगा होने से पूरा गणित बिगड़ गया है। कृष्ण मोहन निषाद, प्रेमचंद गौड़, पूनम बर्नवाल, राकेश सिंह, जितेंद्र सिंह आदि का कहना है कि सिलिंडर की बढ़ी कीमत ने चिंता और बढ़ा दी है।