छह जून के बाद मॉल, होटल, शोरूम के खोले जाने का निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। डीएम ने रविवार शाम बैठक कर दुकानों के खोले जाने का शेड्यूल जारी कर दिया। इसके अनुसार, एक जून अर्थात सोमवार से सुबह नौ से रात नौ बजे तक दुकानें खुलेंगी। छह जून के बाद मॉल, होटल, शोरूम के खोले जाने का निर्णय लिया जाएगा। दुकानों के खोलने की अनुमति सामाजिक दूरी बनाए रखने की शर्त पर दी गई है।
डीएम अमित किशोर ने बताया कि सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को स्टेशनरी, इलेक्ट्रिक, मोबाइल, मिठाई, बर्तन, ज्वैलर्स, लाउंड्री, कपड़े आदि की दुकानें खोली जाएंगी। मंगलवार, बृहस्पतिवार और शनिवार को किराना, टीवी, फ्रिज, घड़ी, चश्मा ,बिक्री रिपेयरिंग, वाहन शोरूम, फर्नीचर,जूता, चप्पल, बैग ऑटो पार्टस आदि की दुकानें खुलेंगी। इसके अलावा दवा, दूध, अंडा, ब्रेड, बिल्डिंग मैटेरियल, ,खाद, बीज , कृषि यंत्र, बाइक, साइकिल मरम्मत की दुकानें प्रतिदिन खुलेंगी। मछली, मीट की दुकानें दो बजे से शाम छह बजे तक खुलेगी। मंडी सुबह चार बजे से सात बजे तक खुलेगी। सैलून सैनिटाइज करके खोले जा सकते हैं। साप्ताहिक बंदी रविवार को होगी। निषेधाज्ञा रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक लागू रहेगी।