देवरिया। न्यायालय के आदेश का अनुपालन न करने एवं बार-बार लापरवाही बरतने से नाराज अपर सत्र न्यायाधीश संजय कुमार सिंह की अदालत ने शुक्रवार को थानाध्यक्ष खुखुन्दू एवं सिपाही पंकज कुमार शुक्ला को अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया है।
अपर सत्र न्यायाधीश संजय कुमार सिंह की अदालत ने आरोपितों के विरुद्ध सम्मन जारी करते हुए थानाध्यक्ष को आदेश दिया था कि प्रकरण अति संवेदनशील है। न्यायालय द्वारा जारी प्रासेस का तामिला सुनिश्चित करा कर अवगत कराने का आदेश दिया था, लेकिन न्यायालय के आदेश के बावजूद थानाध्यक्ष खुखुंदू एवं सिपाही पंकज कुमार शुक्ला ने गैर जिम्मेदाराना तरीके से पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरती और ऐसे व्यक्ति से तामिला कराया, जिसका सम्मन में नाम नहीं था। इतना ही नहीं थानाध्यक्ष खुखुन्दु ने भी सिपाही के कार्यों की बिना जांच किए मनमाने तरीके से आदेश को न्यायालय भेज दिया। थानाध्यक्ष खुखुंदू व तामिलकर्ता सिपाही के कार्यों से क्षुब्ध होकर अदालत ने पुलिस अधीक्षक देवरिया को दोनों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया था, लेकिन पुलिस अधीक्षक ने कोई कार्रवाई नहीं किया।