देवरिया। अदरक डालकर यदि हम सुबह-सुबह चाय पी रहे हैं तो सावधान हो जाना चाहिए, क्योंकि यह अदरक केमिकल युक्त पानी से चमकाया गया हो सकता है। इसलिए एक बार जांच आवश्यक है, नहीं तो केमिकल युक्त पानी से धोया गया अदरक सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है।
शहर के कुछ धंधेबाज ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए धोए गए अदरक को महंगे दामों पर बेच रहे हैं। यदि आप सावधानी नहीं बरते तो आपको जानलेवा कैंसर और अल्सर हो सकता है। पेट तक जाने वाले आहार नली प्रभावित हो सकती है। जानकार बताते हैं सल्फ्यूरिक एसिड से इसे धोकर चमकाया जा रहा है। इससे धोने से अदरक फूल जाता है और इसका वजन बढ़ जाता है। सहायक खाद्य आयुक्त ने अपनी टीम के साथ बुधवार को निरीक्षण कर तीन जगहों से अदरक का नमूना लेकर उसे लैब में जांच के लिए भेज दिया है।
80 रुपये किलो बिक रहा अदरक : जिले में अदरक इस समय 80 रुपये किलो बिक रहा है। इस दौरान अदरक बंगलुरू से गोरखपुर मंडी में आ रहा है। फिर गोरखपुर से रोजाना 40 बोरी देवरिया शहर के नवीन फल एवं सब्जी मंडी में आता है। यहां के बाजार में रोजाना 10 कुंतल की खपत होती है।
व्यापारी श्रीनाथप्रभु ने बताया कि हम लोग गोरखपुर से अदरक मंगाते हैं। एक बोरी 40 किलो की होती है। 32 से 34 रुपये प्रति किलो के हिसाब से फुटकर विक्रेता खरीद कर ले जाते हैं और इसे 15 से 20 रुपये प्रति पॉव ग्राहकों को बेचते हैं। जनपद व्यापार मंडल के अध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने बताया कि इस समय बंगलुरू से अदरक आ रही है। एक माह बाद गुवाहाटी, सतहरा और औरंगाबाद से अदरक आने लगेगी।