कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव में बकरी चराने गई कक्षा-2 की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना बुधवार की देर शाम की है। चारों आरोपी भी उसी गांव के निवासी हैं और नाबालिग हैं। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज करते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया है। छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा-2 की छात्रा बुधवार की शाम घर के पास खेत में बकरी चराने गई थी। पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता की मां ने बताया कि बकरी चराने के दौरान ही गांव के ही 10 से 15 वर्ष आयु के चार लड़कों ने उसे जबरन खेत में ले गए और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के बाद किसी तरह घर पहुंची छात्रा ने आपबीती सुनाई तो मां के होश उड़ गए। गुरुवार को वह बेटी को लेकर थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने छापामारी कर चारों आरोपियों को गांव के पास से दबोच लिया। उनके खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज किया गया है। कोतवाल अश्विनी राय ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। आरोपियों को पकड़ लिया गया है।