भागलपुर। सरयू नदी के तट पर खेत की रखवाली कर रही महिला की हत्या गला दबाकर की गई है। इसकी पुष्टि मंगलवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी है।
जिस मोबाइल का लोकेशन घटना के समय वारदात स्थल पर मिला था, वह लगातार ठिकाना बदल रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लोकेशन के आधार पर बलिया जिले के एक गांव में पहुंची। इसकी भनक लगते ही वह वहां से भाग निकला। मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर कस्बा निवासी शजमा खातून 50 वर्ष रोज की तरह सरयू तट पर खेत की रखवाली कर रही थी। शनिवार की शाम पांच बजे के करीब उसकी हत्या कर शव को पास में बनी झोपड़ी में फेंक दिया गया। देर शाम ढूंढते हुए परिजन पहुंचे तो झोपड़ी में शव देख सन्न रह गए। उसके चेहरे व गले पर चोट के निशान थे। सोमवार को बेटे ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर मंगलवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक महिला की मौत गला दबाने से होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। गांव में चर्चा है कि वारदात के दिन एक बोलेरो से नदी के किनारे पहुंचे कुछ लोगों ने तरबूज की खरीदारी की थी। इस दौरान वह महिला से तेज आवाज में बात करते हुए नोकझोंक कर रहे थे। हालांकि कुछ देर बाद वह लौट गए।