संवाद न्यूज एजेंसी
तरकुलवा। थाना क्षेत्र के एक सहायता प्राप्त हाईस्कूल में पूर्व प्रबंधक के बेटे द्वारा शिक्षकों के उत्पीड़न का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। इसको लेकर प्रधानाचार्य के कार्यालय में पूर्व प्रबंधक के बेटे व शिक्षकों के बीच हुई नोकझोंक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें आरोपी पूर्व प्रबंधक पुत्र के समर्थन में एक शिक्षक द्वारा कहा जा रहा है कि 25 लाख दिया हूं तो नहीं आता हूं, पांच-पांच लाख दो जहां मन करे जाओ। हालांकि, अमर उजाला इस तरह के किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। उधर, पीड़ित शिक्षकों ने आरोपी पूर्व प्रबंधक के बेटे के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
विकास खंड क्षेत्र का एक सहायता प्राप्त हाईस्कूल कुछ महीनों से चर्चा में है। कुछ महीने पहले विद्यालय के पूर्व प्रबंधक के बेटे की स्कूल की एक छात्रा के साथ अश्लील फोटो वायरल हुई। इस बार पूर्व प्रबंधक के बेटे द्वारा दो शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार व जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने को लेकर चर्चा है। हालांकि, इस बार थाने में शिकायत पहुंचने पर डायल 112 नंबर की पुलिस ने स्कूल पहुंच कर दोनों पक्षों को थाने में तलब किया। जहां रविवार को पूरे दिन सुलह-समझौते की बात चली। इस मामले में न सुलह हुई न पुलिस ने आरोपी पर कोई कार्रवाई की।
बहरहाल, आरोपी प्रबंधक पुत्र के कारनामे की चर्चा लोग खूब कर रहे हैं। उधर, पीड़ित शिक्षकों ने इस मामले को जिले के आला अधिकारियों से अवगत कराकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि शिक्षकों का एक विवाद थाने में आया था, जिसे निस्तारण के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास अग्रसारित कर दिया गया है।