- मेजर ध्यानचंद खेल स्पर्धा के तहत आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। खेल जगत फाउंडेशन, खेल निदेशालय व युवा कल्याण विभाग की ओर से रविवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम में मेजर ध्यानचंद खेल स्पर्धा के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। इसमें लगभग 300 महिला व पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। दौड़ में शंभू कुमार, अखिलेश और शाहीन अली ने अपने वर्ग में सभी प्रतिभागियों को पीछे कर अव्वल स्थान प्राप्त किया।
मेजर ध्यानचंद खेल स्पर्धा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष संजय केडिया, विशिष्ट स्थिति जिला खेल सचिव माध्यमिक संजय शाही व वरिष्ठ खिलाड़ी पीटीआई रमाकांत निषाद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। इसके अंतर्गत हॉकी, वाॅलीबाल, खो-खो, कबड्डी, हैंडबाल, ताइक्वांडो एवं 100, 200, 400 मीटर दौड़ अंडर-19 बालक- बालिका वर्ग में खेला गया। 400 मीटर दौड़ में शंभू कुमार, समीर अंसारी, अंकित यादव, 200 मीटर में अखिलेश निषाद, सचिन गोंड, गौतम कन्नौजिया, 100 मीटर में शाहीन अली, आदर्श सिंह, मारकंडेय गुप्ता क्रमश: पहले तीन स्थानों पर रहे।
वहीं 400 मीटर महिला वर्ग में काजल पासवान, उर्मिला चौहान, प्रीति चौरसिया, 200 मीटर में ज्योति सिंह, आंचल गुप्ता, पायल पटेल, 100 मीटर में आंचल पासवान, कुसुम खरवार, आर्या त्रिपाठी अव्वल आईं। कबड्डी में स्टेडियम की टीम विजेता बनी। मौके पर आयोजक मंडल के आजमगढ़ के प्रभारी विकास सिंह ने मेजर ध्यान चंद स्पर्धा के विषय पर प्रकाश डालते हुए आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की जानकारी दी। साथ ही इसमें सभी विजेता खिलाड़ियों को आमंत्रित किया।
इस अवसर पर सहायक प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी अब्दुल अहद, अवधेश यादव क्रिकेट कोच, प्रशिक्षक शकील अहमद, विजय पाल, गिरीश चंद्र, रामकेश, शालिनी शर्मा, दिवाकर मणि, रमाकांत निषाद, अशोक कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।