शहीद की पुण्यतिथि पर शहीद पार्क का होगा अनावरण
भटनी (देवरिया)। छपिया जयदेव निवासी शहीद विजय मौर्य की पहली पुण्यतिथि पर गांव में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। जिसकी तैयारियां परिजनों और प्रशासन द्वारा जोर-शोर से की जा रही है। प्रशासन की ओर से कराए गए विकास कार्यों का भी अनवारण किया जाएगा। जिसमें गांव में जिला पंचायत से बने शहीद द्वार, शहीद के दरवाजे तक सीसी रोड का निर्माण, शहीद के अंत्येष्टि स्थल पर शवदाह गृह का निर्माण, विद्युतीकरण का काम पूरा कर लिया गया है। शहीद परिवार द्वारा बनवाए गए पार्क तथा उसमें लगी शहीद-प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। शहीद के भाई अशोक मौर्य, पत्नी विजय लक्ष्मी मौर्य सहित परिवार के अन्य सदस्य भी गांव पहुंच गए हैं। शुक्रवार को डीएम अमित किशोर के आने पर शहीद द्वार, पार्क, प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। वहीं शहीद के पिता रामायण मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने शहीद के भाई की विधवा पत्नी को नौकरी देने का वादा किया था लेकिन अभी तक इस संबंध में शासन से किसी तरह सूचना नहीं मिली, जिसका मलाल है।
20 लाख खर्च कर परिवार ने बनवाया है पार्क
भटनी। शासन से मांग के बाद भी पार्क निर्माण न होने पर पत्नी विजय लक्ष्मी तथा पिता रामायण सिंह मौर्य ने गांव में अपनी जमीन पर पार्क बनवाने का फैसला किया। परिवार के अन्य लोगों से भी जमीन लेकर करीब छह माह में पार्क निर्माण का पूरा किया गया है। शहीद पार्क में राजस्थान से छह फीट की शहीद की प्रतिमा मंगाई गयी है। पिता रामायण सिंह मौर्य के अनुसार पार्क निर्माण के करीब 20 लाख रुपए खर्च आया है। शुक्रवार को पहली पुण्यतिथि पर पार्क का उद्घाटन होगा।
बेटी को बनाउंगी सैनिक
भटनी। एक वर्ष पूर्व आज ही के दिन जम्मू के पुलवामा में आतंकवादियों के कायराना हमले में छपिया जयदेव के विजय कुमार मौर्य शहीद हो गए थे। शहीद की पत्नी विजय लक्ष्मी को प्रदेश सरकार देवरिया कलेक्ट्रेट में सहायक लिपिक की नौकरी दी गई है। बृहस्पतिवार को शहीद पति के प्रथम पुण्यतिथि पर विजय लक्ष्मी ने बताया कि पति के सपनों को पूरा करने के लिए वह अपनी एकमात्र संतान बेटी को देश की सेवा में सेना में भेजेंगी।