देवरिया/भटनी। कोहरे और धुंध के चलते लंबी दूरी की ट्रेनों की लेटलतीफी लगातार जारी है। सोमवार को अमृतसर से जयनगर जाने वाली शहीद एक्सप्रेस करीब सात घंटे विलंब से देवरिया और भटनी रेलवे स्टेशन पहुंची, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रेन के देर से पहुंचने के कारण स्टेशन पर घंटों इंतजार कर रहे यात्रियों में परेशानी देखने को मिली। जानकारी के मुताबिक पंजाब, जम्मू समेत उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों से आने वाली अधिकांश ट्रेनें कोहरे की वजह से अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं। इसी क्रम में अमृतसर–सहरसा गरीब रथ करीब चार घंटे, डिब्रूगढ़–लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस तीन घंटे तथा अयोध्याधाम–भटनी पैसेंजर ढाई घंटे विलंब से भटनी स्टेशन पहुंची। भटनी रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने बताया कि दिल्ली, पंजाब, जम्मू से होकर आने वाली ट्रेनें इन दिनों काफी देरी से चल रही हैं। प्लेटफार्म पर इंतजार करना मुश्किल हो रहा है। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को अधिक दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
स्टेशन अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि कोहरे के कारण सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों की गति नियंत्रित की जा रही है, जिससे विलंब हो रहा है।