मदनपुर के पकड़ी बाजार चौराहे पर कपड़े की दुकान में आग लगने से नष्ट हुए सामान
मदनपुर के पकड़ी बाजार चौराहे पर स्थित एक रेडीमेड कपड़े की दुकान में शाट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग से दुकान में रखे करीब तीन लाख रुपये के कपड़े जलकर नष्ट हो गए। चौराहे पर स्थित दुकान में लगी आग से अफरा तफरी का माहौल हो गया। करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पकड़ी बाजार के रविंद्र जायसवाल ने अपने मकान में मुख्य चौराहे पर नवदुर्गा वस्त्रालय के नाम से एक रेडिमेड कपड़े की दुकान खोल रखी है। बुधवार की सुबह सात बजे दुकान खोल कर सफाई करने के बाद वह नाश्ता करने को बगल में चाय की दुकान पर चले गए। इस दौरान बिजली के तार टूट कर गिरने से दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते दुकान जलने लगी।
आस पास के दुकानदारों में आग की लपटों को देख खलबली मच गई। लोग आग बुझाने में जुट गए। अन्य दुकानदार अपने दुकानों से सामान निकालने लगे। लोग के अथक प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। कपड़ा जलता देख दुकानदार की आंखों में आंसू आ गए। लोगों ने दुकानदार को ढांढस बंधाया। पीड़ित के अनुसार आग से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग से हुई क्षति का तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंच कर जायजा लिया।