खुखुंदू। थाना क्षेत्र के पिपरी उर्फ बंदी गांव में दरवाजे पर वाहन इधर-उधर करने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने रिश्तेदारों के साथ मिलकर पांच महिलाओं समेत सात लोगों की लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर पिटाई कर दी।
मारपीट में चार लोगों के सिर फट गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सात आरोपियों पर बलवा, घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
पिपरी उर्फ बंदी निवासी रोशन कुमार ने बताया कि मईल क्षेत्र का एक रिश्तेदार पड़ोसी के घर कार से आया था। वह उनके दरवाजे के सामने कई बार वाहन घुमा रहा था। विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट की। सीओ सलेमपुर गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद