संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जनपद के छह कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में इसी सत्र से 12वीं तक की पढ़ाई शुरू होने की उम्मीद है। इसमें रामपुर कारखाना, पथरदेवा, भाटपाररानी, लार, देवरिया सदर, बरहज, बैतालपुर में छात्रावास भवन बनकर लगभग तैयार है। मई व जून तक निर्माण एजेंसी इन भवनों को हैंडओवर करने की तैयारी में है।
इसमें बैतालपुर व रामपुर कारखाना में छात्रावास के अलावा एकेडमिक ब्लॉक भी बनाया गया है। इन दोनों जगहों पर एक ही परिसर में नौवीं से 12 वीं कक्षा तक की पढ़ाई होगी। जबकि जहां छात्रावास बने हैं, वहां नजदीकी माध्यमिक विद्यालयों में यहां की छात्राओं का प्रवेश होगा, हालांकि इनके रहने की व्यवस्था नए छात्रावास में ही होगी। राज्य परियोजना निदेशालय की ओर से निर्माण की जिम्मेदारी यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन लिमिटेड को दिया गया था।
इसमें रामपुर कारखाना में एकेडमिक ब्लॉक व छात्रावास बनाया गया है। एकेडमिक ब्लॉक में कक्षाएं व लैब सहित अन्य सुविधाएं होंगी। पथरदेवा व भाटपाररानी में छात्रावास के 30 अप्रैल तक निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। लार व देवरिया सदर में बन रहा छात्रावास जून में हैंडओवर होगा। बरहज के छात्रावास में अभी ग्राउंड फ्लोर तक कार्य हुुआ है। बैतालपुर में भी छात्रावास व एकेडमिक भवन बनना है, इसके लिए जमीन की तलाश पूरी कर ली गई है।
-
नए सत्र में अन्य कस्तूरबा में भी छात्रावास के लिए भेजा जाएगा प्रस्ताव
सत्र 2023-24 में बैतालपुर, भटनी, बनकटा, देसही देवरिया, गौरीबाजार, रुद्रपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में भी नौवीं से लेकर 12 वीं तक पढ़ाई के लिए छात्रावास भवन के लिए प्रस्ताव निदेशालय को भेजने की तैयारी है।
-
जनपद के सात कस्तूरबा आवासीय विद्यालयों को उच्चीकृत किया जा रहा है। इसके तहत दो में एकेडमिक ब्लॉक व छात्रावास व पांच जगहों पर केवल छात्रावास बनकर पूर्ण होने की स्थिति में हैं। निर्माण एजेंसी ने जून तक इनके हैंडओवर करने की बात कही है। उम्मीद है कि इसी सत्र से इनमें पढ़ाई भी शुरू होगी। अब तक कस्तूरबा विद्यालयों में कक्षा छह से आठवीं तक ही पढ़ाई होती है। नए भवनों के तैयार हो जाने के बाद अब 12 वीं तक की शिक्षा छात्राएं ग्रहण करेंगी।
-टीएन पांडेय, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा