भाटपाररानी। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के बिहार सीमा पर स्थित भवानी छापर बाजार के पास लाइसेंसी देसी शराब की दुकान के पास शनिवार को सुबह एक 28 वर्षीय युवक का शव मिला। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस चौकी भवानी छापर को दी। उसके जेब से मिले आधार कार्ड से पहचान हुई।
सिवान जनपद के नौतन थाना क्षेत्र के नौतन बाजार के लोहार पट्टी के रहने वाले भोला शर्मा 28 पुत्र स्व. रामानंद शर्मा मकान के पेंट आदि का काम करता था। वह पिछले दो-तीन दिनों से भवानी छापर बाजार में घूम रहा था। सुबह शव को देख कर लोग भवानी छापर चौकी इंचार्ज को तत्काल सूचना दी। पुलिस पहुंची और उसके जेब से बरामद आधार कार्ड से उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
तीन भाइयों में बीच का था युवक
भाटपाररानी। रामानंद शर्मा के तीन पुत्रों में भोला शर्मा बीच का था। बड़े भाई राजकिशोर शर्मा तथा छोटे भरत शर्मा हैं। भोला शर्मा की एक सात वर्ष की पुत्री एक पांच वर्ष का पुत्र है। घर पर उनकी पत्नी और माता रहती हैं। पिता पहले ही स्वर्ग सिधार चुके हैं। पूरा परिवार भूमिहीन है । सभी भाई अलग-अलग रहते हैं और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। मृतक भोला भी पेंटर का काम करता था तथा अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार अनाथ हो गया है। संवाद