सलेमपुर। जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश में शनिवार को भटनी क्षेत्र के हतवा गांव के पास हाईटेंशन तार पर पेड़ की डालियां टूट कर गिर गईं। इसके चलते चार वार्डों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। विद्युत कर्मी पेड़ की डालियां काटकर आपूर्ति जल्द बहाल करने में जुटे रहे।
भटनी-भरथुआ बाईपास सड़क मार्ग पर हतवा गांव के पास अचानक एक पेड़ की डालियां टूटकर हाईटेंशन तार पर गिर गई। इस दौरान अपने गंतव्य को जा रहे लोगों ने भाग कर जान बचाई। वहीं विद्युत पोल और अन्य इलेक्ट्रिक उपकरण टूटने से हतवा रेलवे कॉलोनी, तिवारी टोला, हतवा पुराना और रामपुर खुरहुरिया वार्ड की बिजली गुल हो गई। शिकायत पर पहुंचे विद्युत कर्मी समस्या के समाधान करने में जुटे रहे। अवर अभियंता शक्ति सिंह ने बताया कि पेड़ की डालियां टूटकर हाईटेंशन तार पर गिरने से विद्युत पोल व अन्य उपकरण टूट गए हैं। विद्युत पोल की व्यवस्था की जा रही है। जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।