कहा-निर्माण में लाएं तेजी, गुणवत्ता का रखें ध्यान, लापरवाही नहीं चलेगी
देसही देवरिया के पड़ियापार में राजकीय महाविद्यालय के निर्माण कार्य का किया औचक निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। पड़ियापार गांव में चल रहे राजकीय महाविद्यालय के निर्माण कार्य का शनिवार सुबह कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की गति धीमी होने पर निर्माण संस्था और संबंधित ठेकेदार को फटकार लगाई। निर्माण में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया। कहा कि निर्माण ठीक ढंग से कराए जाएं। डीएम को भी निर्माण कार्य पर ध्यान रखने का निर्देश दिया।
उच्च शिक्षा में पिछड़े इस क्षेत्र को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय विधायक और प्रदेश सरकार में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने देसही देवरिया और बैतालपुर विकास खंड के बीच पड़ियापार गांव में राजकीय महाविद्यालय देकर लोगों को एक बड़ी सौगात दी। 11 करोड़ से ऊपर की लागत से बनने वाले इस महाविद्यालय का उन्होंने 2022 में समारोह पूर्वक आधारशिला रखी थी।
शनिवार की सुबह नौ बजे के करीब कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। उनके पहुंचते ही यहां अफरातफरी मच गई। भवन निर्माण में प्रयोग में लाई जा रही सीमेंट, सरिया, गिट्टी, बालू, ईंट आदि को विधिवत देखा। उन्होंने निर्माण कार्य की गति काफी धीमी होने पर निर्माण संस्था और ठेकेदार को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि आधारशिला रखे जाने के कुछ दिन बाद ही सेंक्शन कर एक करोड़ रुपए जारी कर दिया गया। 14 माह हो गए कुल 4 करोड़ की धनराशि भेज दी गई। इसके बावजूद निर्माण कार्य में तेजी क्यों नहीं लाई जा रही है। दो साल के भीतर (2024) निर्माण कार्य पूरा कर लेना था। इस गति के कैसे पूरा होगा। गुणवत्तापूर्वक निर्माण कार्य कराए जाएं। मनमानी नहीं चलेगी। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह को फोन कर कार्य का मुआयना करने का भी निर्देश दिया।
इस दौरान डाक्टर विनय राव, अनिरुद्ध राय, उमेश मल्ल, अखिलेश राय, अनिरुद्ध राय, राजेश्वर सिंह, ओमप्रकाश सिंह, धनंजय त्रिपाठी, लखन राव और राकेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।