रैन बसेरा का रात में जायजा लेते एसडीएम
- फोटो : SALEMPUR
आधी रात को एसडीएम ने रैन बसेरों का मुआयना किया
सलेमपुर (देवरिया)। एसडीएम ने सलेमपुर व मझौलीराज नगर पंचायत की ओर से बनाए गए रैन बसेरों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां ठिठुरते लोगों से मुलाकात कर अच्छी सुविधा दिलाने का आश्वासन दिया। इस दौरान नगर पंचायत के जिम्मेदारों से उन्होंने कहा कि इनमें सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूर्ण कराई जाएं। ठंड में यहां रात गुजारने वालों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आनी चाहिए।
सर्दी के मौसम में जरूरतमंद लोगों के रात्रि ठहराव के लिए नगर पंचायत सलेमपुर रेलवे स्टेशन, अस्पताल गेट व मझौलीराज की तरफ से बनाए गए रैन बसेरों में उपलब्ध व्यवस्थाओं का शुक्रवार की देर रात उपजिलाधिकारी ओमप्रकाश बरनवाल ने जायजा लिया। उन्होंने बनाए गए सभी रैन बसेरों में भी केयरटेकर व डॉक्टर का नाम व मोबाइल नंबर अंकित कराने का निर्देश दिया। साथ ही नगर पंचायत के जिम्मेदारों से कहा कि गेट के बाहर बड़ी फलैक्सी लगाकर इसे पहचान दी जाए जिससे रैन बसेरे तक पहुंचाने में जरूरतमंद व्यक्तियों को कोई असुविधा न उत्पन्न हो।
रैन बसेरे के अंदर प्राथमिक चिकित्सा किट रखने के भी निर्देश दिए। मुख्य द्वार पर एक कर्मचारी की ड्यूटी तैनात करने को कहा जिससे रात में गेट खुला रहे। नगर में स्थित दो रैन बसेरों मझौलीराज के एक रैन बसेरा का निरीक्षण किया। रैन बसेरे में गद्दे, लिहाफ व तकियों की गुणवत्ता परखी। तकियों की स्थिति ठीक न होने पर तत्काल बदलने को कहा। लिहाफ के ऊपर साफ कवर चढ़ाने के निर्देश दिए। रैन बसेरे में मास्क व सैनिटाइजर न होने पर तत्काल कोविड प्रोटोकाल का अनुपालन करते हुए समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित का निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिया।