सलेमपुर। कोतवाली परिसर में शनिवार को एसडीएम दिशा श्रीवास्तव की देखरेख में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें एसडीएम ने फरियादियों की समस्याओं को सुना और संबंधित राजस्व कर्मचारियों तथा हल्के के उपनिरीक्षकों से दोनों पक्षों को बुलाकर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में राजस्व से जुड़े कुल 13 मामले आए। एसडीएम दिशा श्रीवास्तव ने दोनों पक्ष को मौके पर बुलाकर जानकारी ली। उन्होंने स्वतः संज्ञान में लिया, बीट सिपाही और संबंधित लेखपाल को मौके पर भेजकर उसका निस्तारण कराई। इसी तरह नगर पंचायत मझौली राज के रहने वाले राजू खान पहुंचे और सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच कराने की मांग की। जिसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल ईओ को फोन कर मौके की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। वहीं पिपरा पाठक गांव की दर्जनों महिलाएं पहुंची और बताया कि ग्राम सभा की भूमि पर गांव के दबंग लोग कब्जा कर बैठे हैं। उस जमीन का पट्टा करने की मांग की। इस पर एसडीएम ने संबंधित लेखपाल से जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस दौरान कोतवाल टीजे सिंह, इंस्पेक्टर रामचंद्र सिंह, एसआई नितिन शाहू, इजहार खान, लेखपाल अतुल कुमार, प्रियंका विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।