बघौचघाट। पथरदेवा में दुर्गा पूजा मेले के दौरान डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस टीम के साथ विवाद हो गया। भीड़ पर चौकी प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार करने का आरोप है। इस मामले में रविवार को पुलिस ने सात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। तरकुलवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पथरदेवा में 19 अक्तूबर की देर रात दुर्गा पूजा मेले में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। आरोप है कि पुलिस टीम ने निर्धारित समय के बाद डीजे बंद कराने का प्रयास किया तो कुछ लोग नारेबाजी करने लगे।
इस दौरान चौकी प्रभारी अनित कुमार राय भीड़ को शांत कराने पहुंचे। आरोप है कि कुछ लोगों ने पीछे से उनके साथ धक्का-मुक्की की और दुर्व्यवहार किया।
पुलिस का कहना है कि घटना के समय भीड़ अधिक होने के कारण आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी। बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें चौकी प्रभारी के साथ धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है।
वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।