संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नए यू डायस कोड आवंटित करने में मनमानी एवं स्थायी मान्यता देने के नाम पर बीएसए पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मंगलवार को राष्ट्रीय विद्यालय प्रबंधक ने कलक्ट्रेट में विरोध जताया। उन्होंने डीएम को संबोधित 12 सूत्री ज्ञापन एएसडीएम सीमा पांडेय को सौंपा।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.गोस्वामी गौरव भारती ने कहा कि बीएसए के कार्यकाल में कार्यालय भ्रष्टाचार में डूबा है। मान्यता से जुडे़ दो लिपिक करीब 20 साल से इसी पटल पर काम कर रहे हैं। नए यू डायस कोड आवंटित करने एवं मान्यता के नाम पर स्कूल प्रबंधकों का खूब शोषण किया जा रहा है।
हार थक कर वह अधिकारियों व कर्मचारियों की मनमानी मांगों को पूरा कर रहे हैं। संगठन इसके खिलाफ पहले भी आवाज उठा चुका है, अब कार्यवाही नहीं होने पर बीएसए कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
साथ ही बीएसए के खिलाफ क्रमिक आंदोलन संगठन करेगा। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष रजोश सिंह, विजय पटेल, जिलाध्यक्ष जनार्दन चौहान सहित बड़ी संख्या में विभिन्न निजी स्कूलों के प्रबंधक शामिल हुए। यहां से पीडब्लूडी डाक बंगले पर प्रदेश पदाधिकारियों की देखरेख में संगठन की बैठक में समस्याओं को दूर करने पर चर्चा की गई।