संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर कारखाना (देवरिया)। बुधवार की सुबह देवरिया-हाटा मार्ग स्थित बुद्धू खां गांव के पास पेपर मिल के पास एक स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया। हादसे के वक्त वाहन में आठ बच्चे सवार थे। इनमें छह बच्चे घायल हो गए। एक बच्ची को सिर में गंभीर आई है।
जानकारी के अनुसार, निजी स्कूल का वाहन बच्चों को लेने के बाद बैजनाथपुर चौराहे की ओर जा रहा था। उसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वैन सड़क किनारे धान के खेत में पलट गई। वाहन के पलटते ही बच्चों की चीख-पुकार मच गई।
इससे आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का दरवाजा तोड़ा और सभी बच्चों को निकाला। घायल बच्चों में सोफिया खान, नूर खान और तसमिया समेत छह बच्चों को हल्की चोटें आई हैं। सोफिया के सिर में गहरी चोट लगने से खून बहने लगा। बच्चों को पास के स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्कूल के प्रबंधक, प्रधानाचार्य और कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने उन्हें हादसे की जानकारी दी और घायल बच्चों की देखरेख की। स्कूली स्टाफ ने तत्काल जेसीबी मंगवाकर वाहन को खेत से निकलवाया। पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ शुरू कर दी है।