बीडीओ ने रोजगार सेवक को नोटिस देकर तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
कंचनपुर। ऑपरेशन कायाकल्प के तहत ग्राम रामपुर धौताल स्थित प्राथमिक विद्यालय में बगैर चहारदीवारी निर्माण के ही मनरेगा योजना से भुगतान का मामला प्रकाश में आया है। बीडीओ ने ग्राम रोजगार सेवक को नोटिस भेजकर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है। उन्होंने अपने आदेश की प्रति को उपायुक्त श्रम रोजगार, डीएम, सीडीओ और ग्राम विकास अधिकारी को प्रेषित कर दिया है।
पथरदेवा विकास खंड के ग्राम रोजगार सेवक पर ग्राम सचिव ने आरोप लगाया है कि उनके द्वारा रामपुर धौताल में प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी के निर्माण के नाम पर 40,510 रुपये का भुगतान कराया गया है। आरोप है कि कार्य प्रभारी की बगैर जानकारी के यह भुगतान कराया गया है। इसके अलावा दो सीबीआई बोर्ड का भुगतान भी ग्राम रोजगार सेवक द्वारा फर्जी तरीके से कराया गया है।
बीडीओ को सचिव ने लिखित रूप में अवगत कराया है कि ग्राम रोजगार सेवक द्वारा अपने ही परिवार के सदस्यों द्वारा जॉब कार्ड बनवाकर भुगतान कराया गया है। इसमें अपने पिता को मिस्त्री बनाया गया है। इस पर बीडीओ ने नोटिस जारी किया है।