मजदूरों की पिटाई के मामले में सात पर एससी-एसटी का मुकदमा
रामपुर कारखाना। तरकुलवा विकासखंड के मथुरा छापर गांव में कच्ची सड़क भरने के दौरान हुई मारपीट में 10 दिन बाद पुलिस ने सात लोगों पर बलवा मारपीट और एससी-एसटी का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है।
19 मई की सुबह मथुरा छापर गांव के मंदिर के दक्षिण तरफ कच्ची सड़क के लिए मिट्टी भरी जा रही थी। मिट्टी भराई के दौरान प्रधान प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह की देखरेख में एक दर्जन मनरेगा मजदूर काम पर लगे हुए थे। इसी बीच गांव के चुनाव में हारे हुए एक प्रत्याशी गोलबंद होकर कुछ लोगों के साथ काम पर पहुंच गए तथा काम रोकने लगे। निर्माण कार्य रोकने का मजदूरों ने विरोध किया। कहासुनी हुई और जमकर मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान प्रधान प्रतिनिधि अजय सिंह समेत रेखा देवी, इंदु देवी, विशाल, चंद्रसेन प्रसाद, रणवीर प्रसाद घायल हो गए। मामले में महिला मजदूर रेखा देवी की तहरीर पर केदार यादव, सन्नी, सुनील, गांधी, राहुल, सत्येंद्र और अरविंद निवासी मथुरा छापर के खिलाफ बलवा, मारपीट धमकी और एससी एसटी का केस दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि महिला मजदूर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है। मामले की छानबीन शुरू हो गई है।