बरियारपुर नगर पंचायत मे हुआ दंगल का आयोजन
बरियारपुर। नागपंचमी पर सोमवार को कस्बे हनुमान मंदिर परिसर में कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। एक मुकाबले में देवरिया के सतपाल पहलवान और गाजीपुर के छोटू पहलवान के बीच जोरदार भिड़ंत हुई।
दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए खूब जोर आजमाइश की। रोमांचक मुकाबले में सतपाल पहलवान ने छोटू को पटखनी देकर जीत हासिल की।
इसके बाद दूसरे राउंड में मऊ के मनू पहलवान से सतपाल का मुकाबला हुआ। सतपाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मनू को पटखनी दे दी। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर दंगल का शुभारंभ कराया। उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
विजेता पहलवानों का अतिथियों ने स्वागत किया। नगर पंचायत अध्यक्ष कि प्रतिनिधि राजेश राजभर ने अतिथियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।