बरहज। सरयू व राप्ती नदी उफान पर हैं, लेकिन पिछले दो दिनों से जलस्तर में निरंतर कमी देखी जा रही है। जलस्तर में पिछले 48 घंटे में करीब 20 सेमी की नरमी आई है। नदी के निरंतर पीछे हटने से तटवर्ती गांवों के लोगों ने राहत महसूस किया है।
बाढ़ खंड विभाग की ओर से थाना घाट पर स्थापित मीटर गेज से सरयू एक से डेढ़ मीटर नीचे बह रही है। हालांकि दो से ढ़ाई किमी दक्षिण दूर चली गई नदी पक्के घाट के करीब से होकर बहने लगी है। सरयू के जलस्तर में हो रहे उठापटक से लोगों में असमंजस जैसी स्थिति बनी हुई है। मानसून के दस्तक देने और नेपाल के बैराज से छोड़े गए पानी से नदी निरंतर बढ़त बनाने लगी थी।
प्रत्येक घंटे दो सेमी का इजाफा हो रहा था, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ सी गई थीं। नदी के रुख में आई नरमी से लोगों ने राहत की सांस ली है। रमाशंकर यादव, छोटेलाल, शंकर प्रसाद, जवाहिर यादव, मंजनाथ यादव, संजय यादव आदि का कहना है कि इस बार नदी के जलस्तर में हो रहा उतार-चढ़ाव समझ से परे है। कभी नदी पीछे तो कभी तेजी से बढ़त बनाने लग रही है।