स्कूल, पोखरी, पंचायत परिसरों में लगाए जाएंगे पेड़
पौधरोपण को लेकर हुई तैयारी बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। शनिवार को गांव के सार्वजनिक जगहों पर पौधरोपण किया जाएगा। जिसे लेकर शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी ने ग्राम सचिव, रोजगार सेवकों की बैठक कर तैयारी की समीक्षा की। इस दौरान स्कूल, ग्राम सचिवालय, अमृत सरोवर सहित गांव के सार्वजनिक स्थलों को पेड़ लगाने के लिए चिन्हित किया गया।
बीडीओ राजीव गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र के 80 गांवों में दस हजार से अधिक पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। आगामी स्वतंत्रता दिवस को भी लक्ष्य में से ही करीब 15 प्रतिशत पौधे लगाए जाएंगे। ग्राम सचिव, प्रधान और रोजगार सेवकों को पेड़ लगाकर हरितिमा एप के माध्यम से सूचना भेजनी है। पेड़ लगाने के साथ उसकी सुरक्षा को लेकर आम जनमानस को जागरुक भी किया जाएगा। स्कूल परिसर में शिक्षक पेड़ लगाएंगे। नदियों के किनारे गोर्रा और राप्ती के बंधों पर भी पेड़ लगाने की योजना बनाई गई है। इस अवसर पर ग्राम सचिव धन्नंजय यादव, आलोक सिंह, कृष्णपाल सिंह, अमन पांडेय, आनंद सोनकर, राजू आदि मौजूद रहे।