- लार क्षेत्र के भीखम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर बनवाने के विवाद में वारदात को दिया अंजाम
- गांव में तनाव पर भारी पुलिस फोर्स तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
लार (देवरिया)। क्षेत्र के भीखम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर बनवाने से नाराज विरोधियों ने बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे आरएसएस कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी (55) की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वारदात के पीछे वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक भीखम छपरा गांव निवासी रामेश्वर तिवारी आरएसएस के कार्यकर्ता थे। बृहस्पतिवार को गांव में सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। बताया जा रहा है कि रामेश्वर तिवारी के कहने पर इस सड़क पर एक ब्रेकर बना दिया गया। गांव के ही एक परिवार के लोग इसका विरोध करने लगे। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया की दूसरे पक्ष ने रामेश्वर पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। रामेश्वर गंभीर रूप से घायल हो कर सड़क पर गिर पड़े। परिजन उन्हें लार सीएचसी ले गए। वहां से डॉक्टरों ने मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही रामेश्वर की मौत हो गई।
सहप्रांत प्रचारक सुरजीत ने बताया कि रामेश्वर संघ से स्वयंसेवक थे। पहले भी इनके साथ मारपीट की घटना हुई जिसकी शिकायत इन्होंने पुलिस से की थी। एक साल पहले भी दोनों पक्ष में विवाद हुआ था। हत्या की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची तब तक आरोपी भाग निकले थे। एएसपी सुनील सिंह और सीओ गौरव सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर पर मौजूद महिलाओं से पूछताछ कर पुलिस ने बयान दर्ज किया। पुलिस की दो टीमें और एसओजी आरोपियों की तलाश में हैं।
0000
सड़क पर ब्रेकर बनवाने के विवाद में मारपीट हुई जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पीड़ित परिवार से संपर्क कर तहरीर ली जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई हैं।
- गौरव सिंह, सीओ, सलेमपुर