डीएम की अनुपस्थिति में एडीएम प्रशासन की अध्यक्षता में आयोजित हुआ संपूर्ण समाधान दिवस
फोटो-
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। तहसील सभागार में शनिवार को डीएम की अनुपस्थिति में एडीएम प्रशासन गौरव कुमार श्रीवास्तव ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। डीएम के आगमन की खबर सुन कर फरियाद लेकर पहुंची ग्राम बलिवन खास की कलावती पत्नी रमेश ने एडीएम से पूछा साहब! 2012 से अवैध कब्जा खाली कराने तथा हमारे लूटे गए सामान को वापस दिलाने के लिए चक्कर लगा रही हूं। कब मुझे न्याय मिलेगा। पीड़ित ने बताया साहब हर बार की तरह शिकायती पत्र एसडीएम और उन्होंने थानेदार को दे दिया। कुछ नहीं कहे। हर बार यही होता आ रहा है। ग्राम पिपरा बाबू पट्टी की अमरावती और संजू ने बताया कि वह 10 बार से अपने हक हिस्से के लिए फरियाद लेकर आ चुकी हूं। अब तक कुछ नहीं हुआ।
ग्राम सुकवा निवासी उदय शंकर सिंह ने कहा कि बचत की भूमि खाली करने के लिए कई बार से संपूर्ण समाधान दिवस का चक्कर लग रहा हूं। इसके अलावा पड़री उमन के हरि चरण एवं ने बताया कि संपूर्ण समाधान दिवस मात्र दिखावा रह गया है। इस दौरान कुल 32 मामले आए। इसमें राजस्व के तीन का एडीएम प्रशासन ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। अन्य मामलों में राजस्व के 21, पुलिस के 7, विकास के 1 और अन्य 3 मामले शामिल रहे। इस दौरान जिला विकास अधिकारी श्रवण कुमार राय, एसडीएम हरिशंकर लाल, एसपी सिंह सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
24 मामलों में महज चार का निस्तारण
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें राजस्व और पुलिस के मामले छाए रहे। दिवस में आए कुल 24 में मौके पर महज चार मामलों का निस्तारण हो सका। आधा घंटा पहले ही सभागार में सन्नाटा पसर गया।
एसडीएम दिशा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस की कार्रवाई शुरू की गई। सीआरओ जनराजन चौधरी भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर पैना की अमलावती देवी और महेन की ममता देवी राशन कार्ड, पटखौली की कालिंदी देवी आदेश का अनुपालन न करने, बकुची के राममनोहर चौहान विद्युत पोल लगवाने, भलुअनी के अनिरुद्ध पत्थर गड़वाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने, ससरांव के हरिवंश पैमाइश करने, चकरा भार्गव के दयाशंकर खतौनी में गलती सुधारने, बंगरौली के विनोद तिवारी ने विद्युत तार लगवाने के अलावा राजस्व के 13, पुलिस चार, खाद्य एंव रसद दो, अन्य चार सहित कुल 24 मामले आए। इसमें राजस्व के चार मामलों का निस्तारण कर दिया गया। मौके पर सीओ आदित्य कुमार गौतम, तहसीलदार अरुण कुमार, नायब तहसीलदार रमेश गुप्त, बीडीओ तारकेश्वरनाथ तिवारी, एसआई अरशद हुसैन, ओंकार दूबे आदि मौजूद रहे। संवाद
लेखपाल पर फर्जी तरीके से कागज तैयार करने का आरोप, पीड़ित ने काटा बवाल
अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सभागार के बाहर एक पीड़ित ने लेखपाल पर फर्जी तरीके से कागज तैयार करने का आरोप लगाते हुए बवाल काटा, जिससे परिसर में कुछ देर के लिए खलबली मच गई। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जाकर मामला शांत हुआ। कपरवार गांव निवासी और पीड़ित मदन मिश्र के पुत्र कृष्ण चंद्र मिश्र गांव के एक तत्कालीन लेखपाल पर फर्जी तरीके से कागज तैयार करने का आरोप लगाने लगे। इससे कुछ देर के लिए माहौल गरम हो गया।
उनका आरोप था कि पिता मदन मिश्र विगत वर्ष पूर्व गांव के तीसरे व्यक्ति से चौहद्दी दर्शाते हुए जमीन की रजिस्ट्री कराई है। उनका कहना था कि विक्रेता द्वारा उक्त जमीन किसी और से खरीदी गई थी। जमीन पर तत्कालीन लेखपाल द्वारा गलत तरीके से कोरा का कागज तैयार करने का आरोप लगा रहे थे। पूर्व में अलग-अलग मामलों में लेखपाल पर निलंबन की कार्रवाई किए जाने का भी हवाला दे रहे थे। शोर सुनकर तहसीलदार अरुण कुमार भी मौके पर पहुंच गए। जबकि आसपास के लोग भी जुट गए। गला फंसते देख लेखपाल खिसक लिया। तहसीलदार अरुण कुमार ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति से लिखित शिकायत करने को कहा गया है।
कम पहुंचे फरियादी
रुद्रपुर। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस पर उपजिलाधिकारी ने फरियाद सुनी। इस दौरान अपेक्षा से कम फरियादी शिकायत लेकर पहुंचे। विभिन्न विभागों से आए कुल 11 शिकायतों में दो का तत्काल निस्तारण हो पाया।
त्वरित निस्तारण को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर एसडीएम रत्नेश तिवारी ने फरियाद सुनी। इस दौरान राजस्व के सर्वाधिक चार मामले रहे। इनमें से दो मामलों का तत्काल निस्तारण हुआ। एसडीएम ने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता पूर्वक निस्तारित कर रिपोर्ट लगाने को कहा। इस अवसर पर नायब तहसीलदार शिवेन्द्र कौंडिल्य, बीडीओ, सीओ अंशुमन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
साहब पति की मौत हो चुकी है, लेखपाल ने फर्जी तरीके से दर्ज कर दिया दूसरे का नाम
साहब पति की मौत हो चुकी है, लेखपाल ने फर्जी तरीके से दर्ज कर दिया दूसरे का नाम
फोटो समाचार
महिला की पीड़ा सुन एसडीएम और तहसीलदार ने लेखपाल को लगाई फटकार तत्काल रिपोर्ट मांही संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। तहसील सभागार में एसडीएम, एडिशनल एसपी भीम कुमार गौतम, सीओ और तहसीलदार शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में फरियाद सुन रहे थे। इसी बीच एक महिला पहुंची और बोली साहब मेरे पति की दस वर्ष पहले मौत हो चुकी और गांव में कार्यरत लेखपाल ने फर्जी तरीके से गांव के एक व्यक्ति का नाम खतौनी में दर्ज करा दिया है। महिला की पीड़ा सुन एसडीएम गिरीश कुमार झा ने हलका लेखपाल को फटकार लगाते हुए तत्काल रिपोर्ट की मांग की।
तहसील सभागार में शनिवार को एसडीएम गिरीश कुमार झा की अध्यक्षा में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें एडिशनल एसपी, सीओ दीपक शुक्ला, तहसीलदार अलका सिंह के अलावा राजस्व, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, नगर पंचायत विभाग समेत अन्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। दोपहर करीब डेढ़ बजे मईल थाना क्षेत्र के बलिया दक्षिण गांव की संध्या पत्नी स्व मुकेश सिंह पहुंची। बोलीं, साहब! मेरे पति की मौत हो चुकी है। उनका दाह संस्कार कर मृत्यु प्रमाणपत्र ले लिया। दस वर्ष से मैं अपनी जायदाद के लिए भटक रही हूं। लेखपाल ने मेरा वरासत करने के बजाय फर्जी तरीके से गांव के एक व्यक्ति का नाम अंकित कर दिया है। इसकी शिकायत मैंने जिलाधिकारी से की थी। जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से निस्तारण कराने को कहा था, लेकिन लेखपाल मामला को निस्तारण के बजाय विवाद में उलझा दिया। वहीं, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुधाकर गुुुुप्त ने नगर पंचायत से संबंधित शिकायती पत्र दिया।
43 मामले आए, 33 का निस्तारण
सलेमपुर। संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 43 मामले आए। सबसे ज्यादा राजस्व के आए 33 मामलों को मौके पर निस्तारित कर दिया गया। इसके अलावा पुलिस के 5, विकास के 5, विद्युत के 5 व पूर्ति के 6 मामले शामिल रहे।